रोज 4-5 मिनट तेज दौड़ने से भी घटता है कैंसर का खतरा
जामा ऑन्कोलॉजी रिसर्च में प्रकाशित एक रिसर्च मेें कहा गया है कि अगर कोई व्यक्ति रोजाना करीब 4-5 मिनट तेज गति से दौड़ता है यानी आप बस या ट्रेन पकड़ने के लिए भी तेज दौड़ते हैं तो इससे करीब 13 से अधिक प्रकार के कैंसर का खतरा घटता है। रिसर्च में करीब 22,000 से अधिक पुरुषों और महिलाओं के गतिविधि-ट्रैकर डेटा का उपयोग किया गया है। इसमें उन लोगों को भी शामिल किया गया था जिन्हें किन्हीं कारणों से तेजी से सीढ़ियां चढ़ना पड़ता है, जिन्हें मैट्रो पकड़नी रहती है। डेटा का एनालिसिस करने से पाया गया है कि इनमेें करीब 32 फीसदी तक कैंसर की आशंका घटती है।
यह एक प्रभावशाली विश्लेषण और अध्ययन है। ह्यूस्टन में एमडी एंडरसन कैंसर सेंटर के सीनियर डॉ. सुसान गिलक्रिस्ट का कहना है कि कैंसर और व्यायाम के बीच सीधा संबंध है। अब सवाल उठता है कि आखिर वे कौन सी एक्टिविटीज हैं, जिनसे कैंसर का खतरा घटता है। इस स्टडी में कहा गया है बहुत तेज कदमों से चलना (तेज वॉकिंग), किराने की दुकान से भारी सामान की खरीदारी, पसीना बहा देने वाली चंद मिनट की गतिविधियों में कड़ी मेहनत वाला घरेलू कामकाज, बच्चों के साथ थकाने वाले खेल खेलना आदि शामिल हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि जो वयस्क मेहनत नहीं करते हैं उनमें छाती, कोलोन जैसे अंगों का कैंसर होने का जोखिम बढ़ जाता है। इसलिए व्यायाम जरूरी है।
व्यायाम व कैंसर का संबंध
अलग-अलग रिसर्च की मानें तो मानव की शारीरिक रचना दौड़ने के लिए बनाई गई है। पहले लोग भोजन के लिए ज्यादा भागदौड़ करते थे। अब दिनचर्या बदल गई है ज्यादातर लोग निष्क्रिय जीवनशैली में ंरहते हैं। इसलिए डॉक्टर के पास जाने से बचने का सबसे अच्छा तरीका है, शारीरिक सक्रियता को बढ़ा दिया जाए। इसमें भी सबसे अच्छा व्यायाम दौड़ना है। इससे शरीर का हर सिस्टम सुधरता है। नहीं दौड़ने वाले की तुलना में दौड़ लगाने वाले लोगों के किसी भी कारण से मरने की 27% कम आशंका रहती है।
उनके दिल की बीमारियों से 30% और कैंसर से जान गंवाने का खतरा 23% कम रहता है। दौड़ने से धमनियों में ब्लड का प्रवाह ठीक ढंग से होता और हार्ट को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती है। इससे हार्ट अटैक का रिस्क भी कम हो जाता है। यदि आप नियमित रूप से रोज सुबह या शाम को दौड़ने की आदत डालते हैं तो इससे आपको स्वास्थ्य के लिहाज से काफी लाभ मिल सकते हैं। जो लोग हैवी वर्कआउट करते हैं वे सप्ताह में 5 दिन ऐसा कर सकते हैं।
रनिंग शारीरिक रूप से एक बेहतर व्यायाम है। देखा गया है कि जो लोग नियमित दौड़ लगाते हैं उनकी उम्र न केवल अधिक होती है बल्कि कई गंभीर बीमारियोें का भी खतरा काफी घटता है। उनकी इम्युनिटी अच्छी रहती और मौसमी बीमारियों से भी बचाव होता है। रनिंग से गंभीर रोग जैसे कि कैंसर, हार्मोनल डिजीज के साथ लाइफ स्टाइल से जुड़ी बीमारियां जैसे ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, स्तन कैंसर, पाचन और हृदय से जुड़े रोगों के साथ अधिक उम्र वाला दुष्प्रभाव भी रुकता है। - डॉ. संदीप जसूजा, वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ व अधीक्षक, स्टेट कैंसर इंस्टीटॺूट