पुतिन विरोधी रूसियों के ‘बुरे हश्र’ को लेकर फिर उठने लगे सवाल

Aug 25, 2023 - 10:18
Aug 25, 2023 - 10:29
पुतिन विरोधी रूसियों के ‘बुरे हश्र’ को लेकर फिर उठने लगे सवाल
रूस में प्लेन क्रैश में मरने वाले 10 लोगों में प्रिगोझिन भी शामिल हैं।

मॉस्को. रूस में भाड़े के सैनिकों वाले वैगनर समूह के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की बुधवार को प्लेन क्रैश में मौत के एक दिन बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि ‘वह प्रतिभाशाली थे लेकिन उन्होंने कुछ गलतियां भी की।’ उधर, अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने प्रिगोझिन की मौत से जुड़े सवाल पर कहा, 'मैं हैरान नहीं हूं।' इसी के साथ रूस में पुतिन के विरोधियों का ‘बुरा हश्र’ फिर चर्चा में आ गया है। कभी पुतिन के साथी रहे प्रिगोझिन ने 23-24 जून को रूसी सेना के खिलाफ असफल विद्रोह का नेतृत्व किया था।

साइबेरिया में एलेक्सी नवलनी को दिया जहर

रूस के सबसे प्रमुख विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी को साइबेरिया में जहर दिए जाने के बाद अगस्त 2020 में चिकित्सा उपचार के लिए जर्मनी ले जाया गया था। पश्चिमी विशेषज्ञों ने निष्कर्ष निकाला था कि उन्हें मिलिट्री नर्व एजेंट नोविचोक दिया गया था। हालांकि, रूस ने इससे इनकार किया है। 2021 में स्वेच्छा से रूस लौटते ही उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया, तब से वह जेल में है। उनके आंदोलन को गैरकानूनी और 'चरमपंथी' घोषित कर दिया गया है।

ब्रिटेन में बनाया सर्गेई स्क्रिपल को शिकार: ब्रिटिश इंटेलीजेंस को रूस के रहस्य बताने वाले एक पूर्व रूसी डबल एजेंट सर्गेई स्क्रिपल और उनकी बेटी यूलिया मार्च 2018 में सैलिसबरी में बेहोश पाए गए थे। ब्रिटिश अधिकारियों ने कहा कि उन्हें नोविचोक जहर दिया गया था। हालांकि, दोनों बच गए।

एंटोव की भारत के एक होटल में मौत: रूसी राजनेता और करोड़पति पावेल एंटोव यूक्रेन के साथ पुतिन के युद्ध के आलोचक रहे है। जून दिसंबर 2022 में भारत में छुट्टियां बिताने के दौरान ओडिशा में एक होटल के कमरे से गिरने से उनकी मृत्यु हो गई। उनका शव खून से लथपथ पाया गया।

पत्रकार अन्ना की गोलीमार कर हत्या: 2006 में सुपरमार्केट से घर लौटने के बाद पत्रकार अन्ना पोलितकोवस्काया की मॉस्को में उनके फ्लैट के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह मानवाधिकारों के हनन पर रिपोर्ट करती थीं और पुतिन की नीतियों की मुखर आलोचक थीं।

चाय पीने से मौत: ब्रिटिश अधिकारियों ने कहा है कि पूर्व केजीबी एजेंट और पुतिन के मुखर आलोचक अलेक्जेंडर लिट्विनेंको की 2006 में मौत हो गई। मौत से पहले उन्होंने लंदन के मिलेनियम होटल में ग्रीन टी पी थी। इसमें एक शक्तिशाली व रेडियोधर्मी आइसोटोप मिला हुआ था।

जानलेवा जॉगिंग: रूसी मनी-लॉन्ड्रिंग योजना में स्विस जांच में मदद करने के बाद रूस के अलेक्जेंडर पेरेपिलिचनी ने 2009 में ब्रिटेन में शरण मांगी थी। अलेक्जेंडर नवंबर 2012 में जॉगिंग के बाद लंदन के बाहर स्पेशल गेटेड एस्टेट में अपने लक्जरी घर के पास रहस्यम रूप से मृत मिले।