82 लाख का इनामी नक्सली पत्नी सहित गिरफ्तार, 60 से अधिक मामले दर्ज हैं

Aug 23, 2023 - 20:56
Aug 23, 2023 - 21:46
82 लाख का इनामी नक्सली पत्नी सहित गिरफ्तार, 60 से अधिक मामले दर्ज हैं

जबलपुर. मध्यप्रदेश एटीएस ने जबलपुर से 82 लाख रुपए के इनामी नक्सली अशोक रेड्ड़ी उर्फ बलदेव और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से पिस्टल और नकदी बरामद की गई है। वह प्रतिबंधित संगठन सीपीआइ (माओवादी) की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य है। एटीएस उससे पूछतांछ कर रही है।

एटीएस की जबलपुर यूनिट को मंडला क्षेत्र में नक्सलियों के मूवमेंट की जानकारी मिली थी। इस पर अभियान चलाते हुए मुखबिर से सूचना के आधार पर अशोक रेड्डी (62) और उसकी पत्नी रैमती उर्फ कुमारी (42) को गिरफ्तार करने में कामयाब हुई। उसके पास से पिस्टल, कारतूस और तीन लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही नक्सली साहित्य भी मिला है।

रेड्डी मूलत: तेलंगाना का निवासी है और वह छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र सहित अन्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लम्बे समय से सक्रिय था। उस पर हत्या, लूट, डकैती, आगजनी, हत्या के प्रयास के 60 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह बड़े नक्सली अभियानों को अंजाम देता था, जबकि पत्नी नक्सली साहित्य तैयार करने और उनके वितरण का काम देखती थी।

कैडर कर रहा था मजबूत: एटीएस ने इस मामले में एक बयान भी जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि रेड्डी पर 82 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वह कैडर को विस्तार देने के लिए मध्यप्रदेश के दौरे कर रहा था। उसके मूवमेंट के साथ कई अन्य नक्सली कैडर के कार्यकर्ता इस क्षेत्र में आए हुए थे।

जिनकी तलाश की जा रही है। नक्सली दंपत्ति को धारा 419 भारतीय दंड विधान, धारा 20 विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम एवं धारा 25,27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। एटीएस अब आरोपियों से जुड़े अन्य नेटवर्क एवं मॉड्यूल की जानकारी पता की जा रही है।