कमलनाथ ने शिवराज को दिया कांग्रेस में शामिल होने का ऑफर, कहा- हमारे लोग मान जाएं तो आ जाएं

Aug 7, 2023 - 14:34

भोपाल. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी कांग्रेस में शामिल होने का ऑफर दे दिया। कमलनाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा, हमने बता दिया है कि हमारा सिद्धांत क्या है। शिवराज कांग्रेस में आना चाहें और हमारे लोग मान जाएं तो कांग्रेस में आ जाएं। हमने तय किया है कि स्थानीय लोगों की मंजूरी जरूरी है। दरअसल, रविवार को कांग्रेस में कुछ भाजपा नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने के बाद मीडिया ने किन-किन को कांग्रेस में शामिल करने संबंधित सवाल किया था। कमलनाथ ने कांग्रेस की सरकार बनने का भी दावा किया।

राहत इंदौरी की पत्नी भी कांग्रेस में

मशहूर शायक राहत इंदौर की पत्नी शायर अंजुम रहबर ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली। दतिया के भाजपा नेता अवधेश नायक, सागर के राजकुमार धनौरा, धार से शुभांगना राजे भी शामिल हुईं। अवधेश से दतिया और राजकुमार से सुरखी के चुनावी समीकरण प्रभावित होंगे। कमलनाथ व राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने इन्हें पार्टी ज्वाइन कराई। अवधेश को 2016 में राज्यमंत्री का दर्जा मिला था। धनौरा को भाजपा ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के खिलाफ बयानबाजी पर निष्कासित किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने वाले कांग्रेस में आ रहे हैं। भाजपा धर्म की बात करती है। मैं भी धार्मिक हूं। हिन्दू हूं, लेकिन मैं बेवकूफ नहीं हूं। क्या धर्म का ठेका इनके पास है। हम धर्म की राजनीति नहीं करते।

राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने कहा कि दतिया व सुरखी में मंत्रियों का आतंक है। जो पहले कांग्रेस से लड़ते थे वो भाजपा नेता अब अपने ही मंत्रियों के आंतक-प्रताड़ना से परेशान होकर कांग्रेस में आ रहे हैं। ये बेईमान-भ्रष्ट-आतंकी मंत्री हैं। भाजपा धीरे-धीरे टूटेगी और हमारी सरकार इतने बहुमत से बनेगी कि मामा व मामा के आका भी न गिरा सकें।