सत्ता से नहीं, समाज से आता है देश में परिवर्तन: निम्बाराम
झुंझुनूं. टांई गांव में नारायण ग्राम सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक लक्ष्मणसिंह शेखावत ‘भैयाजी’ को स्मरणांजलि देते हुए मंगलवार को सेवा सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता आरएसएस के क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम ने कहा कि लक्ष्मणसिंह ने तीन पीढ़ियों में कार्यकर्ताओं का निर्माण कर उन्हें तराशा, जो आज राष्ट्र की सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संघ समाज परिवर्तन का काम कर रहा है। जल संरक्षण, पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त भारत, सामाजिक समरसता जैसे अनेक कार्य संघ कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए गुर सिखाना जरूरी है। सत्ता से परिवर्तन नहीं आ सकता, परिवर्तन तो समाज से आता है। इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ.महेशचन्द्र शर्मा, हरियाणा दिल्ली के क्षेत्र संघचालक प्रो.सीताराम व्यास, आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष शिवसिंह राठौड़ व जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति लोकेश शेखावत ने विचार व्यक्त किए। पूर्व सांसद राज्यसभा सदस्य ओमप्रकाश माथुर के संदेश का भी वाचन किया गया। विशिष्ट अतिथि महंत निरंजन नाथ, महंत सोमनाथ, प्रन्यास के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोयल ने भी लक्ष्मण सिंह शेखावत के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
प्रदीप शेखावत का किया अभिनंदन।
हरियाणा में राज्य सूचना आयुक्त बनने के बाद पहली बार गांव आए प्रदीप शेखावत का टांई के अनेक ग्रामवासियों और राजस्थान होम्योपैथिक एसोसिएशन की तरफ से वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमरसिंह शेखावत ने अभिनंदन किया।
इनका हुआ सम्मान।
अतिथियों ने पद्मश्री मूलचंद लोढ़ा, महंत निरंजन नाथ, बाल संरक्षण आयोग की पूर्व अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी व सामाजिक कार्यकर्ता विमला देवी को सेवा सम्मान से सम्मानित किया। पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर पत्रकार गोपालकृष्ण शर्मा(खेतड़ी) व पत्रकार पुष्पेन्द्र सिंह (नवलगढ़)़ को व जल संरक्षण क्षेत्र में खेताराम को सम्मानित किया गया।