Delhi Open Museum Park दिल्ली में आज खुलेगा देश का पहला ओपन म्यूजियम पार्क
Delhi Open Museum Park नई दिल्ली. दिल्ली में दिल्ली गेट के पास शहीदी पार्क को देश के पहले ओपन म्यूजियम पार्क के रूप में विकसित किया गया है। मंगलवार को इसका उद्घाटन किया गया। जनता के लिए इसे बुधवार को खोल दिया जाएगा। दिल्ली नगर निगम (डीएमसी) ने पार्क को ‘वेस्ट टू वंडर थीम’ के तहत विकसित किया है। इसमें राष्ट्र की धरोहरों, संस्कृतियों और मूल्यों को प्रदर्शित करने वाली प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं।
पार्क उन वीरों को समर्पित किया गया है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता के लिए विभिन्न कालखंडों में अपनी जान कुर्बान की। पार्क में इन महान शख्सियतों की मूर्तियां स्थापित की गई हैं। करीब 4.5 एकड़ में फैले पार्क के विकास पर 15 करोड़ रुपए खर्च किए गए। पार्क लोगों को देश की स्वतंत्रता और प्रगति की यात्रा से रू-ब-रू कराएगा।
10 कलाकारों और 700 कारीगरों का कमाल दिल्ली नगर निगम ने पार्क को पुराने ट्रक, कार, बिजली के खंभों, पाइप, और रिक्शा जैसे कबाड़ का इस्तेमाल कर विकसित किया। पार्क की मूर्तियों का निर्माण छह महीने में 10 कलाकारों के साथ 700 कारीगरों ने मिलकर किया। मूर्तियां बनाने में करीब 250 टन स्क्रैप का इस्तेमाल किया गया। इनमें से 93 मूर्तियां 2डी और 20 थ्रीडी हैं। तीन गैलरी भी विकसित की गई हैं।
हरियाली के लिए 56 हजार पेड़-झाड़ियां शहीदी पार्क की सुंदरता बढ़ाने के लिए चंपा, कचनार, फाइकस एसपीपी, सिंगोनियम आदि के करीब 56 हजार से अधिक पेड़ और झाड़ियां भी लगाई गई हैं। विभिन्न प्रकार की मनोरंजन सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। पार्क में स्मृति चिह्न की दुकान और भोजन कियोस्क लगाए गए हैं।