जल्दी घर आने का वादा किया, अब तिरंगे में लिपट कर आएगा सैनिक कालूलाल का शव

Jul 24, 2023 - 08:46
सेना का वाहन पलटने से घायल हुआ, अस्पताल में दम तोड़ा।
गोठड़ा(बूंदी). हिंडोली उपखंड क्षेत्र के मजरा हनुमानपुरा निवासी भारतीय सेना में तैनात सैनिक कालूलाल नागर पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में शहीद हो गए। 26 वर्षीय कालूलाल नागर पश्चिम बंगाल के पानागढ़ क्षेत्र में आर्मी सप्लाई कोर में तैनात थे। जहां वे शनिवार को सेना के वाहन पर सवार होकर डॺूटी पर जा रहे थे।
टायर फटने से वाहन पलट गया, जिसमें कालूलाल घायल हो गए थे। उन्हें गंभीर हालत में वहां के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात अस्पताल में उपचार के दौरान कालूलाल ने दम तोड़ दिया।

रविवार देर शाम तक कालूलाल की मौत की खबर उसके माता-पिता को नहीं दी गई थी।

इसी साल 5 जून को हुई थी शादी।

कालूलाल की शादी 5 जून 2023 को करवर निवासी टीना से हुई थी। 27 जून को वह ड्यूटी पर चला गया था। कालूलाल के भाई ओमप्रकाश ने बताया कि तीन दिन पहले कालू का फोन छोटे भाई परशुराम के पास आया था। उसने कहा था कि जल्दी ही मैं छुट्टी लेकर घर आऊंगा, लेकिन हमें क्या पता था कि अब उसका शव तिरंगे में लिपट कर आएगा।