आवाज उठाने वालों पर सरकार कर रही अत्याचार: नाथ झूठ बोलने वाले गली-गली घूम रहे, इन्हें जवाब दो: वीडी

Aug 14, 2023 - 12:04

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने किया ट्वीट, फर्जी चिट्ठी पर गरजे वीडी : भोपाल. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि घोटालों से घिरी शिवराज सरकार के इशारे पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, जयराम रमेश और मुझ सहित कई नेताओं पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भाजपा नेताओं ने एफआइआर दर्ज कराई गई।

जिस सरकार को मप्र का बच्चा-बच्चा कमीशन राज सरकार कहता है, वह सरकार भ्रष्टाचार की जांच नहीं करा सकती, बल्कि भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाने वालों पर अत्याचार कर सकती है। 

कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा, आरिफ मसूद, मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाए कि जिसने भी हाईकोर्ट को कथित पत्र लिखकर मप्र में 50 प्रतिशत कमीशन और घोटाले को उजागर किया है उसने अपनी तरफ से कमीशन की राशि को थोड़ा कम ही बताया है। प्रदेश सरकार में बिना लेन-देन किए काम नहीं होते। कमीशन और भ्रष्टाचार की स्थिति यह है कि बनते-बनते बांध फूट जाते हैं। लोक कलाकारों की एंट्री: इस सियासत में लोक कलाकारों की भी एंट्री हो गई है। लोक कलाकार नेहा राठौर ने अपने अंदाज में एमपी में का बा का पार्ट टू रिलीज किया। यह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसी तरह लोक कलाकार पुष्पा जिज्जी भी पीछे नहीं।

उन्होंने बुंदेली बोली में 50 फीसदी कमीशन राज की पोल खोलने की कोशिश की है। यह बताने का प्रयास किया है भाजपा सरकार में जब-जब घोटाले सामने आए, तब-तब सरकार ने इसे किस प्रकार दबाने की कोशिश की।

हद तो देखिए कि सत्यता का पता लगाए बिना ही ट्वीट कर दिया...’

भोपाल. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि झूठ बोलने वाले गली-गली घूम रहे हैं।इन्हें बूथों पर मुंहतोड़ जवाब दें। देश और प्रदेश में कांग्रेस ने दशकों तक राज किया और सिर्फ भ्रष्टाचार, घोटाला, गरीबी, भुखमरी, बीमारी, बेरोजगारी व झूठ परोसने का काम किया है। अब फिर झूठ बोलने निकल पड़े हैं। जनता इन्हें सबक सिखाएं।

वीडी ने कहा कि कांग्रेस के झूठ बोलने की पराकाष्ठा ही पार हो गई।  कांग्रेस ने एक झूठा पत्र वायरल कर प्रदेश सरकार को बदनाम करने का काम किया है। हद तो देखिए बिना पत्र की सत्यता का पता लगाए प्रियंका गांधी, जयराम रमेश, कमलनाथ आदि ने ट्वीट कर दिया। हमने इसका जवाबदिया और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। हमेंआंख में आंख मिलाकर जवाब देना होगा।