Kidney Transplanted इंसान के शरीर में एक माह काम करती रही सुअर की किडनी

Aug 18, 2023 - 15:21

Pig Kidney Transplanted in Human Body न्यूयॉर्क. अमरीका में डॉक्टरों ने ऐसा कारनामा किया है, जो आने वाले समय में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए नई उम्मीद है। डॉक्टरों ने एक ब्रेन डेड इंसान के शरीर में सुअर की किडनी ट्रांसप्लांट की।

किडनी इस व्यक्ति के शरीर में एक माह से ज्यादा समय तक सामान्य रूप से काम करती रही। यह उपलब्धि अंगदान की जरूरतों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है। न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में लैंगोन ट्रांसप्लांट इंस्टीट्यूट के सर्जनों ने दावा किया कि किसी मृत व्यक्ति के शरीर में सुअर की किडनी का सबसे लंबे समय तक काम करने का यह नया रेकॉर्ड है। उन्होंने इसे मील का पत्थर करार दिया।

इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर रॉबर्ट मोंटगोमरी ने बताया, जेनेटिकली एडीटेड (अनुवांशिक रूप से बदली) सुअर की किडनी एक महीने से ज्यादा समय तक इंसान के शरीर में जीवित रही। यह भविष्य के लिए बड़ी उम्मीद है। एक जीन हटाया, आनुवंशिक रूप से बदला डॉक्टरों ने एक जीन हटाने के लिए सुअर की किडनी को आनुवंशिक रूप से बदला। यह जीन बायोमोलेक्यूल्स का उत्पादन करता है। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि क्रॉस-प्रजाति प्रत्यारोपण उन लोगों की मदद कर सकता है,

जो संभावित जीवनरक्षक अंगों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अमरीका में ऐसे लोगों की संख्या 1.03 लाख से ज्यादा है। इनमें से 88,000 को किडनी की जरूरत है।