ईरान में 2500 साल पहले ही गर्मी से बचने के लिए बनाए जा चुके थे ‘प्राकृतिक एसी

Jul 22, 2023 - 09:04
Jul 22, 2023 - 09:18
यज्द. ईरान के शहर यज्द में लोगों ने बिजली की खोज से पहले गर्मी से बचने के लिए ‘प्राकृतिक एसी’ बना लिया था। आज भी शहर के पुराने घरों में चिमनी जैसी कई मीनारें बनाई गई हैं। ये मीनारें विंड कैप्चर के रूप में काम करती हैं।
इनसे घर में ठंडी हवाएं आती हैं। इन्हें फारसी में बदगीर कहा जाता है। दुनिया के सबसे गर्म शहरों में माने जाने वाले यज्द में गर्मी के दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है।
इंजीनियरिंग चमत्कारों में शामिल ये मीनारें लोगों को राहत देती हैं। ईरान के प्रांतीय डिप्टी अब्दोलमाजिद शकेरी ने कहा कि शहर में अभी भी 700 विंड कैप्चर हैं। इनमें सबसे पुराना 14वीं शताब्दी का है। इनका वास्तुशिल्प 2500 साल पुराना है। माना जाता है कि यह तकनीक भी इतनी ही पुरानी है।
इंजीनियरिंग का चमत्कार: विंड कैप्चर मीनारों के जरिए घरों को रखते थे ठंडा : ऐसे रहते थे ठंडे गर्मी में मीनारों के माध्यम से हवाओं को घरों में आने दिया जाता था। धरती से संपर्क में आकर हवाएं गर्म हो जाती थीं तो उन्हें वर्टिकल स्लॉट से बाहर निकाल दिया जाता था। इससे घरों में ठंडक बनी रहती थी। दीमकों से प्रेरणा : दीमक जमीन में अपने आवास को ठंडा रखने के लिए इसी तरह के निर्माण करती है। वह मीनार की तरह संरचना बनाती है। इससे उनके आवास ठंडे रहते हैं। दीमक से प्रेरणा लेकर ही ईरान में इस तरह के निर्माण किए गए।