पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को तीन साल की जेल
इस्लामाबाद. पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को इस्लामाबाद की अदालत ने शनिवार को तोशखाना मामले में दोषी ठहराते हुए एक लाख रुपए के जुर्माने के साथ तीन साल की जेल की सजा सुनाई। कोर्ट के फैसले के तत्काल बाद इमरान खान को लाहौर के जमान पार्क स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। इस फैसले के बाद वह अगले पांच साल तक चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। ऊपरी अदालत इस फैसले पर रोक लगा दे तभी वह राजनीति में लौट सकेंगे।
इमरान को जिन तोहफों को बेचने के आरोप में सजा मिली है, उसकी कीमत 14 करोड़ पाकिस्तानी रुपए हैं। इनमें रोलेक्स घड़ियां, अंगूठी व कफ-लिंक्स शामिल हैं। इमरान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ ने गिरफ्तारी के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन का फैसला किया है।
जिला एवं सत्र अदालत के न्यायाधीश हुमायूं दिलावर ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआइ) के अध्यक्ष इमरान की याचिका खारिज कर दी, जिसमें उन्होंने मामले को अस्वीकार करने का अनुरोध किया था। अदालत ने इमरान को पीएम पद पर रहते हुए मिले सरकारी तोहफे बेचने और उससे होने वाली आय का ब्योरा न देने का दोषी माना है। इमरान ने सभी आरोपों से इनकार किया और कहा कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील करेंगे। इमरान खान को रावलपिंडी के अदियाला सेंट्रल जेल में रखा जाना है।
साल 2018 से 2022 के बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे इमरान को पिछले साल अविश्वास प्रस्ताव हारने के कारण पद छोड़ना पड़ा था। इमरान राजनीति में कदम रखने से पहले क्रिकेटर थे। उन्होंने 88 टेस्ट और 175 एकदिवसीय मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया था। पाकिस्तान ने उनकी अगुवाई में 1992 विश्व कप भी जीता था।
पूर्व प्रधानमंत्रियों को जेल भेजने का इतिहास...
- हुसेन शाहिद सुहरावर्दी: पांचवें प्रधानमंत्री। देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में 1962 में गिरफ्तार। असली दोष था जनरल अयूब खान को समर्थक देने से इनकार करना।
- जुल्फिकार अली भुट्टो: नौवें पीएम। राजनीतिक विरोधियों की हत्या की साजिश के आरोप में 1974 में गिरफ्तार। उन्हें 4 अप्रेल 1979 को फांसी दी गई।
- बेनजीर भुट्टो: देश की पहली महिला प्रधानमंत्री। दो बार पीएम बनीं। कई बार गिरफ्तार। सैन्य शासक जियाउल हक का विरोध, भ्रष्टाचार के आरोप। 27 दिसंबर 2007 को हत्या।
- नवाज शरीफ: तीन बार प्रधानमंत्री रहे। जनरल परवेज मुशर्रफ ने तख्तापलट कर 1999 में गिरफ्तार किया। 10 साल के लिए देश निकाला।
- सरदार शाहिद खादिम अब्बासी: 21 वें प्रधानमंत्री। जुलाई 2019 में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार। बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
- इमरान खान: 22वें प्रधानमंत्री। 9 मई 2023 में पहली बार गिरफ्तार, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश से रिहा। अब तीन साल की जेल।
जल्द चुनाव की मांग : इमरान जल्दी चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। पाकिस्तान में नेशनल असेंबली 9 अगस्त को भंग होगी व चुनाव तक कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त होगा। पाक में नवंबर के शुरू में चुनाव होने हैं।
अप्रैल 2022 में प्रधानमंत्री पद से हटाए जाने के बाद से इमरान खान पर 100 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। उनकी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता गिरफ्तार हैं।
इमरान को पहले भी एक बार गिरफ्तार करने की कोशिश की थी। तब उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए थे।
मई में इमरान को कोर्ट के आदेश पर पेश न होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। बाद में कोर्ट ने यह कहते हुए रिहा कर दिया कि गिरफ्तारी गैर-कानूनी है।
इमरान की गिरफ्तारी के विरोध में हुई हिंसा और खासकर सेना के अड्डों पर हमला करने के बाद उनकी पार्टी पर प्रशासन के दबाव काफी बढ़ गया था।
आप घरों में चुप मत बैठना
गिरफ्तारी से पहले जारी इमरान का वीडियो वायरल हो रहा है। वह कह रहे हैं कि ’जब तक मेरा ये संदेश आप तक पहुंचेगा मुझे गिरफ्तार किया जा चुका होगा। मेरी अपील है कि आप घरों में चुप मत बैठना, मैं ये आपके लिए कर रहा हूं। आपके बच्चों के भविष्य के लिए कर रहा हूं।’